राजगढ़ (मीरजापुर) : क्षेत्र के विसुनपुरा गांव के तालाब में चार दिनों से डेरा डाला मगरमच्छ गुरुवार की दोपहर ढाई बजे पकड़ लिया गया। वन विभाग की टीम ने उसे तालाब से निकालकर धनरौल बांध में छोड़ दिया। इस मगरमच्छ को पकड़ने के लिए वन विभाग के कर्मचारी तीन दिनों से परेशान थे। ग्रामीणों ने सोमवार को उसे तालाब में तैरते देखा तो उनमें हड़कंप मच गया। इसकी सूचना वनाधिकारियों को दी गई। दूसरे दिन वन दारोगा ने मौके पर पहुंच कर तालाब में ज्यादा पानी होने की बात कही। इस क्रम में बुधवार को गांव में वन विभाग की टीम छोटी नाव व जाल के साथ पहुंची। कर्मचारियों ने तालाब में जाल फैलाया लेकिन मगरमच्छ नहीं फंसा। गुरूवार को बड़ा जाल डाला गया तो वह दोपहर बाद दो बजे फंस गया। ग्रामीणों के सहयोग से उसको बाहर निकाला गया तो एक बारगी वह भागने का प्रयास किया। बाद में उसके गले में रस्सी बांध कर वाहन में रखा गया।
स्रोत-https://www.jagran.com/uttar-pradesh/mirzapur-14613456.html