VENHF logo-mobile

जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद मड़िहान थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव में पंद्रह दिनों से कुएं में पड़े छह फीट लंबे मगरमच्छ को अभी तक वन विभाग की टीम नहीं पकड़ सकी है। इससे जाहिर होता है कि वन विभाग के अधिकारी व कर्मी डीएम के आदेश को नहीं मानते हैं। ऐसा लग रहा है कि वन विभाग की टीम देवपुरा गांव में किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है। उधर कुएं में आए दिन बार-बार मगरमच्छ दिखने से लोग सहमे हुए हैं। तेजबली शर्मा मड़िहान के देवपुरा गांव निवासी हैं। उनके खेत में कुआं बना है। कुएं में पंद्रह दिनों से लगभग छह फीट मगरमच्छ घुसा हुआ है। कुएं में मगरमच्छ होने से आस-पास के लोगों के लिए खतरा बन गया है। पहले मगरमच्छ सिवान में दिखाई पड़ा था। सिवान से भागते समय मगरमच्छ कुएं में गिर गया था। उसी समय तेजबली ने कुएं में गिरे मगरमच्छ की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दिया था। इस पर वन विभाग के अधिकारियों ने खानापूर्ति करते हुए ग्रामीणों को ही मगरमच्छ निकालने की जानकारी देकर वापस लौट गए। इसके बाद तेजबली ने दस दिन पूर्व तहसील दिवस पर जिलाधिकारी को पत्रक सौंप मामले से अवगत कराया। इस पर डीएम ने रेंजर को तत्काल मगरमच्छ को कुएं से बाहर निकलवाने का निर्देश दिया था। लेकिन पंद्रह दिन बीत जाने के बाद भी मगरमच्छ नहीं निकल पाया है। इससे ग्रामीणों में भय बनी है।

स्रोत-https://www.livehindustan.com/news//article1-Mirzapur:-15-days-in-a-crocodile-well-could-not-hold-the-Forest-Department-eam-576290.html


Inventory of Traditional/Medicinal Plants in Mirzapur