VENHF logo-mobile

मिर्जापुर। निज संवाददाता
मड़िहान थाना क्षेत्र के मटिहानी जंगल में सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग से लगभग सौ बीघा जंगल जलकर राख हो गया। सूचना के पांच घंटे बाद पहुंची वन विभाग की टीम देर रात तक आग पर काबू नहीं पा सकी। वहीं विंध्याचल के विजयपुर मोर्चा पहाड़ी पर लगी आग पर वनकर्मी देर शाम तक आग बुझाने में जुटे रहे। सक्तेशगढ़ संवाद अनुसार सुबह लगभग दस बजे मड़िहान थाना क्षेत्र के मटिहानी जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देखते ही देखते ही आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने जंगल में आग देख वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना के पांच घंटे बाद वन विभाग की टीम पहुंची। तब तक आग जंगल में काफी दूर तक पहुंच चुकी थी। लगभग नौ किमी तक जंगल आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई। लेकिन देर शाम तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका। वहीं जंगल में भीषण आग देख आस-पास बस्ती के लोग अपने अपने घरों को खाली कर दिया। वन विभाग की टीम स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने में जुटी रही। जिगना संवाद अनुसार विंध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर मोर्चा पहाड़ी पर शुक्रवार की दोपहर लगभग ढ़ाई बजे आग लगने से पेड़-पौधे जलकर राख हो गए। विजयपुर व दादर कला प्लांटेशन में लगी आग से सागौन खैर चिलबिल बांस व बबूल के सैकड़ों पेड़ जल गए। दोपहर में इसी गांव की बैरहवां पहाड़ी पर लगी आग बुझाने में वनकर्मी हलकान रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार महुआ के बगीचे में सूखे पत्तों को फूंकने के चक्कर में तेज चल रही हवा के चलते आग फैल गई। वन तुलसी के सूखे पौधों के कारण आग डेढ़ किमी तक फैल गई। आग की लपटे व धुएं के गुबार से गैपुरा-लालगंज मार्ग पर काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। वहीं रास्ता नहीं होने से फायर बिग्रेड वाहन पहाड़ी तक नहीं पहुंच सकी। आग बुझाने के लिए वन विभाग के दरोगा विनयेन्द्र यादव के अलावा भाईलाल शर्मा, बरसातू, पिंटू समेत अन्य ग्रामीण जुटे रहे।
 
स्रोत : हिंदुस्तान 26 मार्च 2021  https://www.livehindustan.com/uttar-pradesh/mirzapur/story-fire-in-the-forest-of-matihani-3939427.html

Inventory of Traditional/Medicinal Plants in Mirzapur